ईवीएम वेयर हाउस की सख्त निगरानी, उपायुक्त ने सुरक्षा, पारदर्शिता और मानक प्रक्रियाओं के कड़ाई से पालन के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सदर प्रखंड स्थित कीताडीह ईवीएम वेयर हाउस का गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, सीसीटीवी निगरानी, रिकॉर्ड संधारण और संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानक प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की सतत कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग का नियमित बैकअप और उसकी समय-समय पर जांच को अनिवार्य बताया। साथ ही वेयर हाउस में दैनिक निरीक्षण रजिस्टर और लॉग बुक को पारदर्शी एवं अद्यतन रखने पर जोर दिया। उपायुक्त ने यह भी कहा कि किसी भी परिस्थिति में अनधिकृत प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित ऑडिट तथा रिपोर्टिंग प्रक्रिया को और सुदृढ़ किया जाए। निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ सुरक्षा और रखरखाव को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियांका सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

