राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा नगर परिषद कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बोर्ड की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू समेत नगर प्रबंधक, टाउन प्लानर, सभी वार्ड पार्षद और कर्मी मौजूद रहे। उपाध्यक्ष ने बताया कि शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बस स्टैंड निर्माण कार्य एक माह के भीतर शुरू किया जाएगा, जिसके लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड बनने से सड़कों पर अव्यवस्थित खड़ी बसों से छुटकारा मिलेगा और यातायात व्यवस्था सुचारू होगी। इसके साथ ही जोड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य को जल्द शुरू करने पर सहमति बनी। गर्मी के मद्देनजर पेयजल आपूर्ति को लेकर विशेष निर्देश दिए गए, ताकि एक भी चापाकल खराब न रहे और पाइपलाइन से पानी की सप्लाई बाधित न हो। वहीं आगामी मानसून को देखते हुए जलजमाव की समस्या से बचाव के लिए सभी वार्डों में नालियों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में पार्षदों ने सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और कचरा प्रबंधन से जुड़ी समस्याएं उठाईं, जिस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। शहर के समग्र विकास को लेकर बैठक में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।

