17 अप्रैल को बहरागोड़ा में लगेगा मेगा रक्तदान शिविर, डॉ. उत्पल मुर्मू ने की जनभागीदारी की अपील।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दिनांक 17 अप्रैल 2026 को एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उत्पल मुर्मू ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य सदर अस्पताल जमशेदपुर के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचाने में सहायक होता है।
उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान करें और मानवता के इस महान कार्य में अपनी भागीदारी निभाएं।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाएगी तथा पूरी प्रक्रिया सुरक्षित एवं मानकों के अनुरूप संपन्न की जाएगी। रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस प्रकार के शिविरों से न केवल आपातकालीन स्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होती है, बल्कि समाज में जागरूकता और सेवा भावना को भी बल मिलता है।

