शव लेकर डीसी ऑफिस पहुंचे परिजन, जमशेदपुर में तनावपूर्ण माहौल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय जमशेदपुर परिसर उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब एक युवक की मौत के बाद उसके परिजन शव लेकर वहां पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
मामला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर का है, जहां निवासी सन्नी पुष्टि की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन शव के साथ सीधे डीसी ऑफिस पहुंच गए और न्याय की मांग करने लगे।
परिजन शव के साथ कार्यालय परिसर में प्रवेश करना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इसी दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। इस दौरान थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के साथ भी परिजनों की झड़प हुई।
आक्रोशित लोगों ने मौके पर उपायुक्त को बुलाने की मांग की और 50 लाख रुपये मुआवजे पर अड़ गए। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया।
दरअसल, 31 मार्च को छायानगर में छेड़खानी के विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान फायरिंग और धारदार हथियारों का इस्तेमाल हुआ, जिसमें सन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे एक आंख में गोली लगी थी और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरे जख्म आए थे।
इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद यह पूरा विवाद सामने आया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फिलहाल प्रशासन ने परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया है और मामले में आगे की जांच जारी है
फायरिंग और चापड़बाजी में घायल युवक की मौत, परिजनों का हंगामा

सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर डब्बा लाइन स्थित सामुदायिक भवन के सामने 31 मार्च को रामनवमी के दौरान छेड़खानी और वर्चस्व को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग और चापड़बाजी में सन्नी पुष्टि गंभीर रूप से घायल हो गया था।
उसे एक आंख में गोली लगी थी, जबकि सिर और हाथ पर धारदार हथियार से वार किया गया था। इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। वे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
इस घटना में नंदू लोहार भी घायल हुआ था, जिसे इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिलेट और दो खोखा बरामद किए थे। फिलहाल मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

