रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले के टेल्को स्थित घोड़ाबांधा की निवासी ज्योत्सना सरकार ने दिल्ली में आयोजित ‘मिसेज एशिया इंडिया विनर 2026’ का खिताब जीतकर न सिर्फ अपने शहर बल्कि पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से आईं कुल 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जहां प्रतिभागियों को टैलेंट राउंड, कॉस्टयूम राउंड, आउटफिट फोटोशूट, रैंप वॉक और सवाल-जवाब जैसे विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा। कड़े मुकाबले के बीच ज्योत्सना सरकार ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा के दम पर निर्णायकों को प्रभावित करते हुए यह खिताब अपने नाम किया। गौरतलब है कि ज्योत्सना सरकार इससे पहले भी ‘मिसेज झारखंड 2016’ का खिताब जीत चुकी हैं, जिससे उनके अनुभव और समर्पण का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस उपलब्धि के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया और अपनी खुशी जाहिर की। उनकी इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। यह उपलब्धि झारखंड की महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है, जो अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती हैं।

