राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। शैक्षणिक उत्कृष्टता और व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, आज रंभा कॉलेज और साह ट्रेडर्स के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य कॉलेज के छात्र-छात्राओं को इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग एवं इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट के व्यावहारिक अनुभव से अवगत कराना है। यह समझौता आगामी 5 वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। इसके तहत साह ट्रेडर्स द्वारा प्रतिवर्ष कॉलेज के 50 छात्र-छात्राओं को विशेष औद्योगिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस पहल से छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ कॉर्पोरेट जगत की कार्यप्रणाली को समझने का सीधा अवसर मिलेगा। एमओयू के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में साह ट्रेडर्स के श्री रोहन साह ने छात्रों के लिए ‘फंड मैनेजमेंट’ और ‘बिजनेस डेवलपमेंट’ पर एक पावर-पैक सत्र लिया। उन्होंने विस्तार से बताया कि कैसे बेहतर वित्तीय प्रबंधन किसी भी व्यवसाय की रीढ़ होता है। उन्होंने छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने के महत्वपूर्ण टिप्स भी साझा किए। इस अवसर पर रंभा कॉलेज की प्राचार्या डॉ. कल्याणी कबीर, आई.क्यू.ए.सी (IQAC) कोऑर्डिनेटर डॉ. किशन कुमार शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर ऐश्वर्या श्री कर्मकार और शीतल कुमारी सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। कॉलेज प्रबंधन ने इस एमओयू को छात्रों के कैरियर निर्माण के लिए एक मील का पत्थर बताया।

