टेल्को में दोस्ती विवाद में छात्र पर चापड़ से हमला, चार आरोपी हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के थीम पार्क के पास मंगलवार रात दोस्ती के विवाद में 18 वर्षीय छात्र आदर्श सिंह पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में उसकी गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। पहले उसे टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर किया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल आदर्श सिंह टेल्को कॉलोनी रोड नंबर-18 का निवासी है। उसने बताया कि हुडको निवासी महरूफ ने उसे फोन कर रात करीब साढ़े आठ बजे बुलाया था। वहां पहुंचते ही महरूफ और उसके साथियों ने पहले मारपीट की और फिर चापड़ से हमला कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महरूफ समेत चार युवकों को हिरासत में लिया है। घायल के बयान के आधार पर टेल्को थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ एक पुरानी दोस्ती का मामला है, जो बाद में तनाव का कारण बन गया। इधर, टेल्को क्षेत्र में हाल के दिनों में चापड़बाजी की घटनाएं बढ़ने से लोगों में भय का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

