पीसी-पीएनडीटी मामलों की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने कड़े अनुपालन के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में पीसी-पीएनडीटी (PC-PNDT) अधिनियम से संबंधित विभिन्न विषयों पर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में चिकित्सकों के नाम जोड़ने, पंजीकरण नवीनीकरण, स्थान परिवर्तन, पंजीकरण समर्पण, मशीन विक्रय, नई मशीन/बाय-बैक इंस्टॉलेशन, मशीन ट्रांसफर, नए पंजीकरण एवं न्यायालय वाद जैसे विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के तहत छह केंद्रों को नवीनीकरण, तीन केंद्रों में चिकित्सक संबद्ध करने, एक केंद्र का स्थान परिवर्तन, एक केंद्र का अनुरोध पर पंजीकरण निरस्त करने, चार केंद्रों में नई मशीन लगाने, एक केंद्र में मशीन स्थानांतरण, दो केंद्रों को नया पंजीकरण प्रदान करने तथा एक कोर्ट केस में न्यायालय के आदेशानुसार केंद्र को पुनः खोलने की स्वीकृति दी गई।
उपायुक्त ने सभी मामलों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए पीसी-पीएनडीटी अधिनियम का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं सभी प्रस्तावों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, रिकॉर्ड संधारण को अद्यतन रखने तथा कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

