राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी वर्ष प्रतिपदा की पूर्व संध्या पर सोनारी नगर में विश्व हिन्दू परिषद के मार्गदर्शन में हिन्दू जागृति मंच के बैनर तले भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 18 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे कागलनगर सेंटर, सोनारी से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए डिमना ट्रांसपोर्ट नगर तक जाएगी।
नव वर्ष यात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। नगर के प्रमुख चौक-चौराहों को भगवा पताकाओं से सजाया जा रहा है। यात्रा में देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां, भजन मंडलियां एवं पारंपरिक वेशभूषा में मातृशक्ति की भागीदारी मुख्य आकर्षण होगी।
आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। नव वर्ष विक्रम संवत 2083 एवं कलि वर्ष 5128 के स्वागत के अवसर पर पूजा-अर्चना, विश्व कल्याण की कामना एवं भारत माता की भव्य आरती भी की जाएगी।
इस संबंध में जानकारी संतोष वर्मा, नवीन पांडे, सुखदेव सिंह, आदित्य वर्मा एवं अपर्णा दत्ता ने संयुक्त रूप से दी। प्रेस वार्ता में विश्व हिन्दू परिषद एवं हिन्दू जागृति मंच के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

