पद से हटाने की मांग के बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा निलंबित
पत्नी की बीमारी के कारण कामकाज प्रभावित होने की चर्चा, एसएसपी की कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा को विधि-व्यवस्था के संधारण और कर्तव्य निर्वहन में कथित लापरवाही के आरोप में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, आनंद मिश्रा ने 2 अक्टूबर को पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए थाना प्रभारी के पद से हटाने का अनुरोध किया था। बताया जाता है कि पत्नी की बीमारी के कारण कामकाज प्रभावित होने की बात भी आवेदन में कही गई थी। इसके बाद हुई निलंबन की कार्रवाई को लेकर पुलिस महकमे में चर्चा है। उन पर लंबित मामलों के निष्पादन में शिथिलता और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी के आरोप भी बताए जा रहे हैं। निलंबन के बाद सोशल मीडिया पर कई पोस्ट सामने आए हैं और कार्रवाई के आधार व विभागीय प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

