राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की नव निर्वाचित महापौर श्रीमती सुधा गुप्ता को मंगलवार को जिला समाहरणालय सभागार में प्रमंडलीय आयुक्त कोल्हान रविरंजन कुमार विक्रम ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर आयुक्त ने उन्हें जनहित, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ नगर विकास के लिए कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
वहीं उपमेयर पद के चुनाव में राहुल सिंह कश्यप ने जीत दर्ज की। कुल 34 वार्ड सदस्यों द्वारा हुए मतदान में राहुल कश्यप को 19 वोट मिले, जबकि गुलाम मुस्तफा राजा को 9 और मौमिता चटर्जी को 6 मत प्राप्त हुए। इसके साथ ही राहुल कश्यप को विजेता घोषित किया गया।
राहुल कश्यप वार्ड संख्या 5 से पार्षद हैं और मानगो रिपीट कॉलोनी के निवासी हैं। चुनाव में उन्हें भाजपा नेताओं के साथ-साथ महापौर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता का भी समर्थन मिला।
कार्यक्रम में निगम के सभी 34 वार्ड सदस्यों को भी शपथ दिलाई गई। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

