राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल: कपाली ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रागीब हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी तारिक (35) को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तारिक को पकड़ा। वह मो. तौकिर का पुत्र है और जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित कोहिनूर टॉवर, फ्लैट नंबर-103 का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत चांडिल अनुमंडलीय न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी चांडिल थाना (कपाली ओपी) कांड संख्या 237/2023 में दर्ज रागीब हत्याकांड का नामजद अभियुक्त है। इस मामले में उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 302, 504, 506, 201, 120बी तथा आर्म्स एक्ट 1959 की धारा 27 के तहत मामला दर्ज है।
इसके अलावा आरोपी चांडिल थाना कांड संख्या 133/2021 में भी वांछित था। उस मामले में मारपीट, धमकी और जबरन वसूली से संबंधित धाराएं दर्ज हैं।
कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

