रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। यह शव झुरकुली और गोविंदपुर रेलवे फाटक के बीच रेलवे पटरी के पास पड़ा मिला, जिसे देखकर आसपास के इलाके में दहशत और कौतूहल का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब आठ बजे जब स्थानीय लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए उस रास्ते से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर ट्रैक किनारे पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई और इसकी सूचना तुरंत गम्हरिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले को लेकर गम्हरिया थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन से कटकर हुई मौत का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता लगाया जा सके। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों से पूछताछ की जा रही है तथा युवक की पहचान कराने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

