भारत स्काउट एंड गाइड का दलमा में ट्रैकिंग कार्यक्रम, 130 बच्चों ने लिया हिस्सा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:भारत स्काउट एंड गाइड जिला मुख्यालय आम बागान साकची के तत्वावधान में जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार के नेतृत्व में दलमा पहाड़ पर एक दिवसीय ट्रैकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के करीब 130 स्काउट और गाइड विद्यार्थियों ने भाग लिया।
ट्रैकिंग कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 6:30 बजे हुआ। जिला सचिव चंद्रमणि मोदी ने हरी झंडी दिखाकर साकची आम बागान से ट्रैकिंग दल को दलमा के लिए रवाना किया। इसमें सेंट पीटर स्कूल, डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल, डीएवी स्कूल बिष्टुपुर और बीपी हेडक्वार्टर ओपन ग्रुप साकची के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
ट्रैकिंग के दौरान बच्चों ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत रास्ते में पड़े प्लास्टिक बोतल, रैपर, पॉलिथीन और अन्य कचरे को एकत्र कर सफाई अभियान चलाया। विशेष रूप से हनुमान मंदिर से शिव मंदिर तक के मार्ग और बेस प्वाइंट तक सफाई की गई।
इस दौरान प्रशिक्षकों ने बच्चों को ट्रैकिंग के गुर और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त रोवर मुकेश कुमार सिंह, गुरु शरण सिंह गोलन, गुरचरण सिंह नागी, स्काउट मास्टर धीरज रंजन, रॉबिन और जमशेदपुर एडवेंचर के डायरेक्टर रमेश प्रसाद सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार ने सभी विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।

