राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर : थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के समीप सोमवार देर रात दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में 22 वर्षीय राजवीर सिंह को गोली लग गई, जिसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अपराधकर्मी संजय सरकार के बेटे शुभम सरकार पर फायरिंग करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आशीष नामक युवक को निशाना बनाकर चलाई गई गोली राजवीर सिंह को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और फायरिंग में बदल गया।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के बाद सालडीह बस्ती और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

