अवैध कारोबारियों के प्रभाव में सोनारी थाना? क्षेत्र में बढ़ते अपराध को लेकर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र में इन दिनों अवैध गतिविधियों और बढ़ते अपराध को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। क्षेत्र के कई लोगों का आरोप है कि अवैध कारोबारियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और चोरी व स्नैचिंग जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार गांजा, अवैध शराब, मटका और लॉटरी जैसे गैरकानूनी धंधों को लेकर विभिन्न इलाकों—गुदड़ी बाजार, एरोड्रम बाजार, राम मंदिर चौक, कागल नगर टेंपो स्टैंड, खूंटाडीह, लहरी बस्ती और कागलनगर सेंटर—में सक्रिय गिरोहों की चर्चा है। कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि कार्रवाई केवल खानापूर्ति तक सीमित रहती है और बाद में स्थिति जस की तस बनी रहती है। परदेसी पाड़ा में एक मकान कब्जे को लेकर भी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
इसके अलावा, सरकारी एवं टिस्को क्षेत्र में जमीन अतिक्रमण और अवैध बालू कारोबार को लेकर भी चर्चाएं हैं। आरोप है कि कुछ स्थानों पर अवैध वसूली की शिकायतें सामने आई हैं, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्षेत्र में यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि पिछले तीन वर्षों से कुछ पुलिस पदाधिकारी स्थानांतरण के बावजूद दोबारा पदस्थापित होकर सोनारी में जमे हुए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस कारण पारदर्शिता और सख्ती पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जनता की मांग है कि वरीय पुलिस अधिकारी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएं और यदि कहीं भी लापरवाही या मिलीभगत पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल हो सके और आम नागरिक सुरक्षित महसूस

