गम्हरिया स्थित विजयश्री ऑटोकॉम लिमिटेड के श्रमिकों ने प्रबंधन पर लगाए कई आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया स्थित विजयश्री ऑटोकम लिमिटेड के पूर्व श्रमिक मानिक प्रमाणिक एवं राजकुमार सिंह ने कंपनी प्रबंधन पर उत्पीड़न, बकाया वेतन भुगतान नहीं करने और श्रम कानूनों के उल्लंघन करने आरोप लगाया है। इस मामले में श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर ने कंपनी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन कंपनी प्रबंधन द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका। तत्पश्चात, श्रम अधीक्षक ने कंपनी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कंपनी श्रमिकों के बकाया भुगतान को निर्धारित समयावधि में नहीं करती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। श्रमिकों द्वारा आरोप लगाया गया है कि प्रबंधन सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का पालन नहीं करती है। साथ ही, पीएफ और ईएसआई में भी अनियमितता बरती जाती है जो श्रम अधिनियमों का उल्लंघन है। इस मामले में श्रम अधीक्षक ने बताया कि करीब 70 श्रमिकों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व में की गई जांच के दौरान कंपनी में कई तरह की गड़बड़ियां पाई गईं। इनमें न्यूनतम मजदूरी का उल्लंघन, बोनस का भुगतान नहीं करना, अवकाश के दिनों का वेतन न देना और अन्य श्रम कानूनों से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। मजदूरों की शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने न्यूनतम मजदूरी का दावा पत्र दायर किया, जिसे अब स्वीकृति मिल चुकी है। दायर किए गए दावा पत्र में प्रभावित श्रमिकों को बकाया राशि के साथ दस गुना तक मुआवजा देने की मांग की गई है। अब यह मामला सहायक श्रम आयुक्त के पास जाएगा, जहां सुनवाई के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

