लैंड बैंक, औद्योगिक प्रोत्साहन और एयरपोर्ट पर दे सरकार विशेष ध्यान: सिंहभूम चैम्बर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, जमशेदपुर ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत लगभग ₹1.58 लाख करोड़ के राज्य बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा पर दिए गए फोकस का स्वागत किया है। साथ ही चैम्बर ने औद्योगिक विकास, लैंड बैंक निर्माण, एयरपोर्ट स्थापना और आंतरिक राजस्व वृद्धि की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।
चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, एमएसएमई, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ा आवंटन सकारात्मक है। 750 नए स्वास्थ्य केंद्र, कैंसर उपचार हेतु ₹200 करोड़ और सदर अस्पतालों को मेडिकल कॉलेज में विकसित करने की योजना सराहनीय है। हालांकि राज्य को खनिज संसाधनों के पारदर्शी उपयोग और टाटा लीज एरिया में रजिस्ट्री शुरू कर आंतरिक राजस्व बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।
मानद महासचिव पुनीत कांवटिया ने बड़े उद्योगों के लिए 400-500 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने हेतु सशक्त लैंड बैंक की जरूरत बताई। उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने उद्योगोन्मुख नीति, प्रतिस्पर्धी इंसेंटिव और प्रोफेशनल टैक्स सरलीकरण की मांग दोहराई।
सदस्यों ने कोल्हान में पर्यटन विकास, जमशेदपुर में एयरपोर्ट और बेहतर एयर कनेक्टिविटी, सीएनटी भूमि नीति में व्यावहारिक सुधार तथा कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर भी बल दिया।
चैम्बर ने आशा जताई कि सरकार उद्योग, निवेश, अवसंरचना और व्यापार को प्राथमिकता देकर राज्य के समग्र और आत्मनिर्भर विकास की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।

