संताली प्रतिभा खोज परीक्षा संपन्न, 28 फरवरी को रिजल्ट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल में होलों गाडा संताली प्रतिभा खोज प्रतियोगिता परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। यह परीक्षा होलों गाडा संताली पत्रिका कमेटी की ओर से आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड राज्य स्तर पर प्रत्येक वर्ष किया जाता है।

इस प्रतिभा खोज परीक्षा का मुख्य उद्देश्य संताली समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक परंपराओं, रीति-रिवाजों, संताली भाषा एवं ओलचिकी लिपि को जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए गए थे।
चांडिल प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामगढ़ परीक्षा केंद्र में 45 परीक्षार्थियों ने भाग लिया, जबकि घाटशिला कॉलेज केंद्र पर 113 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षा का परिणाम 28 फरवरी 2026 को घोषित किया जाएगा। वहीं 1 मार्च 2026 को चाकुलिया डायट में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर आयोजित होलों गाडा वार्षिक सम्मेलन में प्रथम से 15वें स्थान तक सफल परीक्षार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
परीक्षा के सफल आयोजन में मुख्य रूप से पत्रिका के मुख्य संपादक मोहन चंद्र बास्के, सह संस्थापक सनत टुडु, पितांबर हांसदा, अखिल भारतीय संताली लेखक संघ झारखंड शाखा के शाखाध्यक्ष डॉ रजनी कान्त मांडी, सचिव सुधीर चंद्र मुर्मु, सत्यरंजन सोरेन, डॉ सत्यनारायण मांझी, शंकर मुर्मु, नरेंद्र मांझी, लखन मांझी एवं रतन मार्डी सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

