इंडेन बॉटलिंग प्लांट के समीप कचड़े के ढेर में आग के बाद आसपास के क्षेत्रों में अफरा तफरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया के लार्ज सेक्टर स्थित इंडेन बॉटलिंग प्लांट के समीप कचड़े के ढेर में रविवार को दोपहर में लगी आग के बाद आसपास के क्षेत्रों में अफरा तफरी मच गया। आग की उठती भीषण लपटों से घबराकर आसपास के दुकानदार अपनी अपनी दुकानें बंद करने लगे। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना गम्हरिया थाना तथा झारखंड अग्निशमन विभाग को दिए जाने के बाद पुलिस टीम वहां पहुंची। इस बीच झारखंड अग्निशमन विभाग की दमकल भी वहां पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। करीब एक घंटे तक काफी मशक्कत के बाद दो दमकलों द्वारा उक्त आग पर काबू पाया जा सका। तत्पश्चात लोगों ने राहत की सांस ली। समय रहते उस भीषण आग पर काबू कर लिया गया अन्यथा पास ही आईओसी बॉटलिंग प्लांट रहने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था।

