टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा की मांग तेज विधायक पूर्णिमा साहू ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र, जनहित में शीघ्र निर्णय का आग्रह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर टाटानगर रेलवे स्टेशन से जयपुर तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की है। उन्होंने इसे जनभावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि जमशेदपुर एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है, जहां राजस्थान मूल के परिवारों और व्यापारियों की बड़ी संख्या निवास करती है। ‘मारवाड़ी सम्मेलन’ साकची शाखा ने भी इस संबंध में मांग पत्र सौंपते हुए बताया कि सीधी ट्रेन के अभाव में यात्रियों को दिल्ली या अन्य स्टेशनों पर ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे काफी असुविधा होती है।
विधायक ने धार्मिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि खाटू श्याम मंदिर, सालासर बालाजी मंदिर और अजमेर शरीफ दरगाह जैसे प्रमुख स्थलों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करते हैं। इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में कोटा देश का प्रमुख एजुकेशन हब है, जहां जमशेदपुर से हजारों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान रेल व्यवस्था यात्रियों की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रही है, जिससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और विद्यार्थियों को कठिनाई होती है। विधायक ने जनहित और क्षेत्र की बड़ी आबादी की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टाटानगर-जयपुर सीधी रेल सेवा पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।

