नगर निकाय चुनाव से पहले अवैध शराब पर कड़ा प्रहार, बिरसानगर में उत्पाद विभाग की बड़ी छापेमारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर अवैध शराब के विनिर्माण और बिक्री के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार, 08 फरवरी 2026 को बिरसानगर थाना अंतर्गत हुरलूंग क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान अवैध चुलाई शराब की भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। साथ ही अवैध चुलाई शराब की बिक्री के स्थान पर कार्रवाई करते हुए शराब की बरामदगी की गई। इस अभियान में कुल 40 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई, जबकि करीब 6000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को घटनास्थल पर ही विनष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग के अनुसार अवैध चुलाई शराब भट्ठी के संचालक के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।
उत्पाद टीम, पूर्वी सिंहभूम ने स्पष्ट किया है कि नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती आगे भी जारी रहेगी।

