बैंक कर्मी की आत्महत्या से टांगरानी गांव में पसरा मातम, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां थाना क्षेत्र के टांगरानी गांव में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 40 वर्षीय आलोक पड़ीहारी ने अपने ही घर में पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक आइडीबीआई बैंक की सरायकेला शाखा में कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। इस दर्दनाक घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह आलोक पड़ीहारी अपने रोजमर्रा के कामकाज में सामान्य रूप से व्यस्त थे। उन्होंने पहले स्नान किया, फिर अपने बच्चों को स्कूल छोड़ा और घर लौटकर नाश्ता किया। नाश्ते के बाद परिवार के अन्य सदस्य स्नान के लिए पास की नदी चले गए, जबकि आलोक घर में अकेले रह गए। इसी दौरान उन्होंने घर की छत पर लगे पंखे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजन स्नान कर वापस लौटे तो उन्होंने आलोक पड़ीहारी को फंदे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा और तत्काल सदर अस्पताल, सरायकेला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

