भारत संतों का देश, यहां सांटा की जरूरत नहीं : हिंदू पीठ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर स्थित हिंदू पीठ के प्रांगण में तुलसी दिवस का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर गणेश भगवान की संध्या आरती के बाद तुलसी माता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल हुए।
हिंदू पीठ के अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि 25 दिसंबर को तुलसी दिवस मनाना हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत संतों के विचारों पर चलने वाला देश है, यहां सांटा की आवश्यकता नहीं है। तुलसी को हिंदू धर्म में माता लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है और जिस घर में तुलसी की पूजा होती है, वहां सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है।
उन्होंने हिंदू युवाओं और बच्चों से अपील की कि वे क्रिसमस के स्थान पर तुलसी दिवस मनाएं और आने वाली पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत का महत्व समझाएं। तुलसी की पूजा न केवल आध्यात्मिक बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभकारी है।
कार्यक्रम में महासचिव दिस बॉस, कोषाध्यक्ष किशोर गोलछा, सुरक्षा प्रमुख सोमनाथ सिंह, ज्योत्सना सरकार, शिखा श्यामल सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन दीप प्रज्वलन और भजन-कीर्तन के साथ हुआ तथा सभी ने एक-दूसरे को तुलसी दिवस की शुभकामनाएं दीं।

