जमशेदपुर में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, दो युवक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
सोमवार को मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बारीडीह वर्क्स फ्लैट और आसपास के इलाके में कुछ युवक अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस वाहन को देखते ही दो युवक मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान टिंकु लाल साहू उर्फ टिंकू लाल (25 वर्ष), निवासी बागुनहातु रोड नंबर-05 तथा संतोष बागती उर्फ तेल (19 वर्ष), निवासी बागुनहातु डी-ब्लॉक रोड नंबर-07, थाना सिदगोड़ा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान टिंकु लाल साहू के पास से 23 पुड़िया ब्राउन शुगर (3.33 ग्राम) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जबकि संतोष बागती के पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर (1.53 ग्राम), एक रेडमी मोबाइल फोन और बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड जब्त किया गया। दोनों के पास से कुल 43 पुड़िया ब्राउन शुगर (4.86 ग्राम) बरामद की गई।
इसके अलावा मौके से एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह मोटरसाइकिल 30 नवंबर 2025 को बजरंग चौक से चोरी की गई थी, जिस संबंध में सिदगोड़ा थाना में कांड संख्या 174/2025 पहले से दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी टिंकु लाल साहू पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। बरामद सभी सामानों को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

