चौंका थाना प्रभारी सोनू कुमार का आदिवासी संगठनों ने किया पारंपरिक स्वागत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। नव पदस्थापित चौंका थाना प्रभारी सोनू कुमार का विभिन्न आदिवासी संगठनों द्वारा पारंपरिक अंगवस्त्र गमछा ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया। अनुमंडल स्तरीय आदिवासी समन्वय समिति चांडिल अनुमंडल, आदिवासी भूमिज मुंडा युवा एकता मंच झारखंड दिशोम, आदिम जनजाति विकास समिति चांडिल तथा दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से यह सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर सूक लाल पहाड़िया ने बताया कि यह सम्मान आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति और गौरव को प्रतिबिंबित करने के उद्देश्य से दिया गया है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता व पहचान बनाए रखने में ऐसे अवसर महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी सोनू कुमार को क्षेत्र में बेहतर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा जनसहयोग आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए धन्यवाद देते हुए शुभकामनाएँ दीं।
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने आदिवासी संगठनों के इस सम्मान के प्रति आभार जताया। उन्होंने संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में शांति, समरसता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
मौके पर मनमन सिंह, राधेश्याम सिंह सरदार, सुकलाल पहाड़िया, डोमन बास्के, राजू अंसारी, डॉ. सत्य नारायण मुर्मू, गुरुचरण लोहार, महावीर हासदा, प्रकाश मार्डी, गुरुचरण कर्मकार सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

