आदित्यपुर में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भाजपा का यूनिटी मार्च, देशभक्ति से गूंजा शहर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला के आदित्यपुर में बुधवार को भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भाजपा ने भव्य यूनिटी मार्च पदयात्रा का आयोजन किया। पदयात्रा आदित्यपुर फुटबॉल मैदान से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए एनआईटी कैंपस तक पहुँची। स्कूली बच्चों, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से माहौल देशभक्ति से भर दिया।
एनआईटी गेट पर प्रतिभागियों का स्वागत प्रसिद्ध छऊ नर्तक दल की प्रस्तुति से किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और पूर्व सांसद गीता कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और सभी ने पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में छात्रों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की बड़ी भागीदारी रही, जिसने इसे राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देने वाला आयोजन बना दिया।

