तकनीकी विभागों की समीक्षा बैठक संपन्न, पॉलीटेक्निक कॉलेज शुरू करने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में तकनीकी विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लघु सिंचाई, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, भवन, पथ, विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता, एनआरईपी, सिंचाई सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करें और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अनाबद्ध निधि, सांसद एवं विधायक निधि से चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए तय समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने पाथरचपड़ा में स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज को शीघ्र शुरू करने हेतु आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया। साथ ही परिसदन भवन में अतिरिक्त कमरे निर्माण और तहसील कचहरी के लिए डीपीआर तैयार करने का भी आदेश दिया।
बैठक में विभिन्न तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

