आदित्यपुर में बड़ा रेल हादसा टला, बिना इंजन दौड़ी मालगाड़ी टकराई — बड़ी जनहानि से बाल-बाल बचा शहर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर: बुधवार को आदित्यपुर रेलवे यार्ड के पास एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, शर्मा बस्ती की दिशा से तेज रफ्तार में आती एक मालगाड़ी रेलवे यार्ड की दीवार तोड़कर दूसरी खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मालगाड़ियों के कई डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए।
हादसे के दौरान यार्ड में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सभी मजदूर समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले गए, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के वक्त मालगाड़ी बिना इंजन के लाइन पर दौड़ रही थी। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या ब्रेक फेल होने के कारण यह घटना घटी।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल रेलवे यार्ड में क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने का कार्य जारी है, वहीं लाइन को बहाल करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

