जामताड़ा में राजनीतिक दलों संग बैठक, मतदान केन्द्रों का होगा युक्तिकरण
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 आयोजित किया जाएगा।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी पूनम कच्छप एवं अनंत कुमार ने जानकारी दी कि 1200 से अधिक मतदाताओं वाले केन्द्रों का युक्तिकरण तथा 2 किमी से अधिक दूरी वाले क्षेत्रों में नये मतदान केन्द्रों का सृजन किया जाएगा। नाला विधानसभा क्षेत्र में 04 और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में 17 नये केन्द्रों का गठन आवश्यक पाया गया।
सभी राजनीतिक दलों ने इस प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से सहमति दी और मतदाता सूची पुनरीक्षण की गतिविधियों में सहयोग करने का आश्वासन दिया। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

