उपलब्धि: पीएचसी लावजोड़ा (बोड़ाम प्रखंड) में हुआ सफल प्रसव, माँ और शिशु दोनों स्वस्थ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत लावजोड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहली बार एक प्रसव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रसूता सबर समुदाय से संबंधित हैं। इस अवसर पर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच को लेकर एक नई उपलब्धि दर्ज हुई है। माँ और नवजात शिशु (कन्या) दोनों स्वस्थ हैं।

उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के दिशा- निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच एवं सुदृढ़ीकरण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को बेहतर संसाधनों और प्रशिक्षित कार्मिकों से सुसज्जित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में है। पीएचसी स्तर पर सफल प्रसव स्वास्थ्य ढांचे के मजबूत होने का सकारात्मक संकेत है। हमारा प्रयास है कि कोई भी गर्भवती महिला सुरक्षित प्रसव से वंचित न रहे और सभी माताओं व नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध हों।

