सोना देवी विश्वविद्यालय में हिन्दी पखवाड़ा का आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सोना देवी विश्वविद्यालय के विवेकानन्द ऑडिटोरियम में हिन्दी पखवाड़ा का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। मुख्य अतिथि डॉ शालीग्राम मिश्र (अध्यक्ष, हिन्दी विभाग, पटमदा डिग्री कॉलेज) ने कहा कि हिन्दी का सम्मान तभी संभव है जब सभी लोग हिन्दी में काम करें।

कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने कहा कि कोई भी देश अपनी राजभाषा और राष्ट्रभाषा का सम्मान किए बिना आगे नहीं बढ़ सकता। अंग्रेजी जानना मजबूरी है, लेकिन तरक्की के लिए अपनी जड़ों और स्वाभिमान से जुड़े रहना जरूरी है। कुलपति डॉ जेपी मिश्रा ने कहा कि विकसित देश अपनी भाषा में ही कार्य करते हैं। उन्होंने कहा—“मुर्दा है वो देश जहां साहित्य नहीं, अंधकार वहां जहां आदित्य नहीं।”

कुलसचिव डॉ गुलाब सिंह आजाद ने जानकारी दी कि हिन्दी भाषा 89 विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जाती है और 89 देशों में बोली जाती है। इस अवसर पर हिन्दी व संस्कृत विभागों की सहभागिता से कविता पाठ, निबंध, वाद-विवाद, गायन और पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। विजेताओं को कुलाधिपति द्वारा सम्मानित किया गया।


