जादूगोड़ा CTC में 262 मजदूर बेरोजगार, स्थानीयों में बढ़ा आक्रोश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा | कांस्टेबल ट्रेनिंग सेंटर (CTC) में 262 मजदूरों के बेरोजगार होने से आसपास के गांवों में भारी नाराजगी है। वर्तमान में केंद्र में लगभग 1000 जवान ट्रेनिंग ले रहे हैं, लेकिन स्थानीय मजदूरों को रोजगार देने का पूर्व वादा अब अधूरा दिख रहा है। मजदूरों ने बताया कि पहले की आउटसोर्सिंग कंपनी ऑक्सफोर्ड सिक्योरिटी सर्विस ने 12 दिन की मजदूरी अब तक नहीं दी है। हाल में तीन नई कंपनियों ने 10 दिन काम करवाया, लेकिन भुगतान किए बिना काम बंद करा दिया।
पूर्व मंत्री स्व. रामदास सोरेन ने मजदूरों को रोजगार दिलाने का आश्वासन दिया था। उनके निधन के बाद मजदूरों को उम्मीद है कि नवनिर्वाचित विधायक सोमेश सोरेन उनके अधूरे सपने को पूरा करेंगे। हाल ही में CTC में बुल फाइटर (80 मजदूर), कमांडो सिक्योरिटी सर्विस (130 मजदूर) और एक्स सिक्योरिटी सर्विस (36 मजदूर) को टेंडर मिला था, लेकिन सभी ने केवल 10 दिन काम करवाकर मजदूरी का भुगतान नहीं किया।
बेरोजगारी से मजदूरों की आर्थिक स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। कई मजदूर लोन नहीं चुका पा रहे, बच्चों की पढ़ाई रुक गई है और बीमार लोगों का इलाज प्रभावित है। इसका असर आसपास के 5000 से अधिक लोगों पर पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्थानीयों को काम नहीं दिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
माटी गौड़ा पंचायत की मुखिया बॉबी मार्डी ने भी SP से स्थानीयों को काम देने की मांग की है। स्थानीयों में इस बात को लेकर भी असंतोष है कि जवानों ने निजी खर्चे पर 20 बाहरी मजदूरों को काम पर रखा है, जबकि स्थानीय युवा बेरोजगार हैं।

