पोटका की सड़कों को मिलेगी रफ्तार: विधायक संजीव सरदार की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका विधायक संजीव सरदार ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की समीक्षा करते हुए दिशा-निर्देश दिए। बैठक में हाता–टाटा मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या को दूर करने के लिए किताडीह–बागबेड़ा रिंग रोड परियोजना पर विशेष चर्चा हुई। सरकार द्वारा स्वीकृत इस रिंग रोड से कुदादा, निलडुंगरी, करनडीह, खासमहल होते हुए बागबेड़ा तक संपर्क सुगम होगा और जाम से राहत मिलेगी। भूमि अधिग्रहण और चौड़ीकरण पर तेजी से कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
कोवाली–डुमरिया सड़क के रुके निर्माण को लेकर विधायक ने रैयतों को मुआवजा शीघ्र देने का आदेश दिया।
जादूगोड़ा–गोविंदपुर मार्ग और स्वर्णरेखा नदी पर प्रस्तावित 12 करोड़ की लागत वाले पुल पर भी चर्चा हुई।
डुमरिया, मुसाबनी, सुंदरनगर, खासमहल सहित कई सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
हाता–टाटा रोड किनारे 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल सड़क से सटे लगाए जाने पर विधायक ने कड़ी आपत्ति जताई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पोल 5–10 मीटर दूर लगाने का निर्देश दिया।
विधायक ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी और सभी परियोजनाएँ समय पर पूरी की जाएँ।
बैठक में अधीक्षण अभियंता सह कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय सहित विभागीय अधिकारी और विधायक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

