जादूगोड़ा में गहना साफ करने के नाम पर 5 लाख की ठगी, गिरोह सक्रिय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में गहना साफ करने के बहाने ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। ताजा मामले में यूसिल के पूर्व कर्मी और दुडकू गांव के निवासी विश्वनाथ भगत के घर से ठगों ने करीब 5 लाख रुपये के सोने के गहने उड़ा दिए। पीड़ित की पत्नी सुजाता भगत को दो युवकों ने कम कीमत में गहना साफ करने का झांसा दिया और मौका मिलते ही अंगूठी, लॉकेट, दो पीस झुमका और दो जोड़ी अन्य जेवर लेकर फरार हो गए।
घटना दोपहर 1 से 1:30 बजे के बीच की है। विश्वनाथ भगत ड्यूटी पर थे, जबकि घर में उनकी पत्नी और नौकरानी मौजूद थीं। नौकरानी ने दोनों आरोपियों को पहचानने की बात कही है—एक ने काला शर्ट और दूसरे ने लाल शर्ट पहना था। भागने के दौरान काला शर्ट वाला व्यक्ति बाइक चला रहा था।
हाल ही में बेटे अभिजीत की शादी में मिले गहने भी चोरी हुए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 5 लाख बताई गई है। जादूगोड़ा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में ऐसे ठगों की गतिविधियाँ लगातार बढ़ी हैं, हालांकि कई लोग शिकायत दर्ज भी नहीं करा पाते।
थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल ने बताया कि लिखित शिकायत मिली है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे ठगों से सावधान रहने की अपील की है।

