जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह ने कुंडहित व बागडेहरी थाना सहित अंतरराज्यीय चेकपोस्ट का किया औचक निरीक्षण
निजाम खान।राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने शनिवार को जिले के बागडेहरी थाना, कुण्डहित थाना तथा खुदमल्लिका अंतरराज्यीय चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, बैरक, मेस, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं चेकपोस्ट की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी बागडेहरी, थाना प्रभारी कुण्डहित, पुलिस निरीक्षक कुण्डहित प्रभाग, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाला तथा अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, आपराधिक गतिविधियों तथा थानों में लंबित मामलों की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को क्षेत्र में अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने, नियमित एवं सघन गश्ती चलाने, फरार एवं वांछित अभियुक्तों तथा वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया।
उन्होंने आम जनता की समस्याओं को शालीनता से सुनकर उस पर त्वरित और उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान नाला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार महतो,कुंडहित पुलिस निरीक्षक मिन्हाज आलम,कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, बागडेहरी थाना प्रभारी किशन कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

