PM की अपील का असर : विधायक राज सिन्हा टोटो से पहुंचे कार्यक्रमों में, दिया ईंधन बचत का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और देश में संभावित ईंधन संकट को लेकर प्रधानमंत्री की अपील का असर अब राजनीतिक गलियारों में भी दिखने लगा है। प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचत और अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचने की अपील के बाद धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा ने भी नई पहल की है। शुक्रवार को विधायक राज सिन्हा शहर के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए टोटो से पहुंचे। विधायक को टोटो से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचते देख लोगों के बीच इसकी चर्चा होती रही।
मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक राज सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन की बचत करना देशहित में बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील केवल नेताओं के लिए नहीं बल्कि देश के हर नागरिक के लिए है और सभी लोगों को इसकी गंभीरता को समझना चाहिए।
“अगर छोटी दूरी तय करनी है तो बड़े वाहनों का उपयोग करने से बचना चाहिए। मैं स्वयं अब शहर के अधिकांश कार्यक्रमों में टोटो का इस्तेमाल करूंगा ताकि ईंधन की बचत हो सके और लोगों को भी एक सकारात्मक संदेश मिले।”
विधायक ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती खपत देश की अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव डालती है। ऐसे समय में सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहनों और साझा वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देना जरूरी है।
राज सिन्हा के इस कदम को भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सराहनीय पहल बताया। लोगों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि खुद आगे बढ़कर ऐसा संदेश देंगे तो आम जनता भी प्रेरित होगी और ईंधन बचत अभियान को मजबूती मिलेगी।

