किशोरियों व महिलाओं के लिए साइबर क्राइम से बचाव पर कार्यशाला आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत गोलमुरी-सह-जुगसलाई परियोजना अंतर्गत किशोरियों व महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन समाज कल्याण विभाग, जमशेदपुर पुलिस एवं साइबर पीस ऑर्गेनाइजेशन द्वारा किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, लोन ऐप फ्रॉड और अन्य साइबर स्कैम्स से जुड़ी जानकारी देकर प्रतिभागियों को जागरूक करना था।

कार्यशाला में साइबर थाना बिस्टुपुर के प्रभारी श्रीनिवास कुमार, इंस्पेक्टर कुणाल राजा, साइबर पीस के स्टेट कोऑर्डिनेटर तारक दास और ट्रेनर आस्था तिवारी ने साइबर क्राइम की आधुनिक तकनीकों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में किशोरियाँ, आंगनवाड़ी सेविकाएं, एएनएम, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, महिला पर्यवेक्षिका एवं वन स्टॉप सेंटर की प्रतिनिधियाँ उपस्थित रहीं। कार्यशाला में डिजिटल वेल बीइंग यानी डिजिटल रूप से सुरक्षित और संतुलित जीवन शैली को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।



