छात्राओं व महिलाओं का डिजिटली सशक्त होना समय की ज़रूरत: डॉ. कविता परमार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षण एवं सेवा संस्थान, बागबेड़ा में नेचर संस्था द्वारा संचालित इंटर्नशिप कार्यक्रम की छात्राओं को टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा एक दिवसीय निःशुल्क डिजिटल साक्षरता प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ श्री सी.एस.पी. सिंह, डॉ. कविता परमार और डी. मंजू ने की। मुख्य वक्ता डॉ. परमार ने कहा कि “डिजिटल युग में महिलाओं और छात्राओं का डिजिटली सशक्त होना न केवल उनके आत्मनिर्भरता की कुंजी है, बल्कि समाज के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।”

प्रशिक्षण में आधार कार्ड अपडेट, वोटर आईडी सुधार, बैंक स्टेटस, आयुष्मान कार्ड, जाति-आय प्रमाण पत्र, मोबाइल सुरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। इस अवसर पर टाटा स्टील फाउंडेशन से डी. मंजू, अनील कुमार, वीरेंद्र यादव और प्रशिक्षक अजय कुमार व शोभा यादव उपस्थित थे। डॉ. कविता परमार ने प्रशिक्षण को सराहनीय बताते हुए भविष्य में और अधिक महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने का आग्रह किया।


