बागबेड़ा में महिला से छेड़छाड़ व मारपीट, सिगरेट मुंह में लगाने का आरोप; इलाके में आक्रोश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नया बस्ती में बुधवार देर रात महिला से छेड़छाड़, मारपीट और अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, नया बस्ती में किराये के मकान में रहने वाली एक महिला रात में किराने का सामान लेने पास की दुकान पर गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उस दुकान के पास अक्सर बागबेड़ा इलाके के एक शराब माफिया के बेटे कन्हैया का अपने दोस्तों के साथ जमावड़ा लगा रहता है, जहां नशे की हालत में महिलाओं से छेड़छाड़ की जाती है।
बताया जाता है कि बुधवार रात भी कन्हैया अपने साथियों के साथ वहीं मौजूद था। जैसे ही महिला दुकान पर पहुंची, आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की।
आरोप है कि मारपीट के दौरान महिला को पकड़कर उसके मुंह में जबरन सिगरेट भी लगा दी गई। इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ भी हुई और काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना के बाद पीड़ित महिला और दुकानदार शिकायत लेकर बागबेड़ा थाना पहुंचे, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की ओर से तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

