14 मार्च को सिदगोड़ा टाउन हॉल में राष्ट्रीय लोक अदालत का वर्चुअल उद्घाटन व विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जमशेदपुर द्वारा 14 मार्च 2026 को सिदगोड़ा टाउन हॉल में राष्ट्रीय लोक अदालत का वर्चुअल उद्घाटन एवं राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष सह प्रशासनिक न्यायाधीश, जमशेदपुर न्यायमंडल, माननीय न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड उच्च न्यायालय के अन्य माननीय न्यायाधीश एवं कई गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के आगमन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत के साथ होगी। इसके बाद स्वागत गीत, दीप प्रज्वलन, स्वागत संबोधन तथा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान झारखंड के सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों की राष्ट्रीय लोक अदालत का वर्चुअल उद्घाटन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभुकों को जोड़ने के उद्देश्य से लगभग 18 विभागों के प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओं से संबंधित लाभों का वितरण भी किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से नागरिकों को विधिक सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुलभ कराने का प्रयास किया जाएगा।

