राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। प्रखंड के जामदा स्थित महाली साईं में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र की छत की ढलाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के अंधेरे में छत की ढलाई की गई और निर्माण कार्य बेहद घटिया स्तर का किया गया है।मामले की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य सविता सरदार महाली साईं पहुंचीं और निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि छत की ढलाई रात में जल्दबाजी में कर दी गई जिससे गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि छत की ढलाई मात्र करीब दो इंच की गई है जिससे भविष्य में छत गिरने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई जगहों पर ढलाई इतनी कमजोर है कि एक तरफ से दूसरी तरफ तक दिखाई दे रहा है जो निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।इस दौरान जिला परिषद सदस्य सविता सरदार, मनोज सरदार तथा स्थानीय ग्रामीणों ने ढलाई की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही ग्रामीणों ने कहा कि अगर निर्माण कार्य में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए।ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे घटिया निर्माण वाले भवन में छोटे बच्चों की पढ़ाई कैसे संभव होगी इसलिए प्रशासन को जल्द से जल्द मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

