यूसील को मिला नया कप्तान, डॉ. कचम आनंद राव ने संभाली कमान
कर्मचारियों में नई उम्मीद की लहर, यूनियन नेताओं ने जताई उन्नति की आस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा।यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) में नए सीएमडी के रूप में डॉ. कचम आनंद राव ने सोमवार को विधिवत पदभार संभाल लिया। पूर्व सीएमडी डॉ. संतोष कुमार सतपति ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता देकर कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर यूसील के वरीय अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

पदभार ग्रहण करते ही डॉ. राव ने यूसील के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कंपनी की मौजूदा स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। स्थायी सीएमडी की नियुक्ति से यूसील कर्मियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कर्मचारियों का मानना है कि डॉ. राव की कार्यकुशलता से यूसील की बदहाल स्थिति में सुधार होगा और कंपनी विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगी।

विभिन्न यूनियनों के नेताओं ने भी नए सीएमडी से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। यूसील अस्पताल के सीएमओ डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य और डॉ. मानस रजक ने भी बधाई दी। चाटी कोचा विस्थापित संघ के सदस्यों ने उम्मीद जताई है कि डॉ. राव के कार्यकाल में 1997 से लंबित पुनर्वास की समस्या का समाधान होगा। उनका कहना है कि टेलीफोन निर्माण के दौरान विस्थापित किए जाने के बाद से लगभग 28 वर्षों से वे न्याय की प्रतीक्षा में हैं।

जादूगोड़ा चेंबर ऑफ कॉमर्स, जादूगोड़ा मारवाड़ी युवा मंच, जादूगोड़ा मारवाड़ी सम्मेलन, जादूगोड़ा शास्त्री बॉयज क्लब और श्री श्री सार्वजनिक मोड़ दुर्गा पूजा कमेटी ने भी नए सीएमडी को पदभार संभालने पर शुभकामनाएं दीं। संयुक्त यूनियन नेताओं ने विश्वास जताया कि डॉ. राव के नेतृत्व में यूसील का संचालन अधिक सशक्त और पारदर्शी होगा। साथ ही, उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दुर्गा पूजा पर मजदूरों को बेहतर बोनस मिलेगा।


