स्लम क्षेत्र के बच्चों को योग से जोड़ने की अनूठी पहल, योग दिवस पर सफल आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 21 जून: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नेचुरल स्माइल फाउंडेशन द्वारा तिलका माझी मैदान, एनएच-33 में स्लम एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
संस्था के संस्थापक राज गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में योग प्रशिक्षिका रिंकी ने बच्चों को विभिन्न योगासन सिखाए तथा योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य उन बच्चों तक योग का महत्व पहुंचाना था, जिन्हें सामान्यतः ऐसी स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर नहीं मिल पाता।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों को अल्पाहार प्रदान किया गया तथा योग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
राज गुप्ता ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के वंचित बच्चों तक बेहतर अवसर पहुंचाना है, ताकि वे स्वस्थ एवं जागरूक जीवन की ओर अग्रसर हो सकें। उन्होंने कहा कि नेचुरल स्माइल फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

