राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर
जमशेदपुर में जन्मदिन मनाने निकले तीन दोस्तों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक बाल-बाल बच गया। घटना सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बजरंग चौक के रहने वाले युवकों से जुड़ी है।
मिली जानकारी के अनुसार, अमन कुमार और विकास रजक अपने दोस्त कैप्टन शर्मा के साथ देर रात देवरी मंदिर जा रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। चांडिल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में अमन कुमार और विकास रजक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कैप्टन शर्मा को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमन और विकास को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे वाले दिन ही अमन का जन्मदिन था और दोस्त जश्न मनाने मंदिर जा रहे थे। अमन ट्रांसपोर्ट का काम करता था, जबकि विकास एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था।
घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

