धतकीडीह में दो सांडों की भीषण भिड़ंत, एक गंभीर घायल, ठेले-दुकानों को नुकसान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:धतकीडीह स्थित हरिजन बस्ती के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो सांड आपस में अचानक बुरी तरह भिड़ गए। स्थानीय लोगों के अनुसार संघर्ष इतना उग्र हो गया कि एक सांड का सींग दूसरे सांड के पेट में जा घुसा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सांडों की लड़ाई काफी देर तक चलती रही। इस दौरान सड़क किनारे लगे ठेले और छोटी दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। कुछ ठेले पलट गए, जबकि दुकानों में रखा सामान बिखर गया, जिससे दुकानदारों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी। घटना के समय इलाके में भीड़ थी, हालांकि लोगों ने सतर्कता बरतते हुए दूरी बनाए रखी, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घायल सांड को बचाने का प्रयास किया। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी गई। स्थानीय निवासियों ने नगर प्रशासन से मांग की कि शहर में घूम रहे आवारा सांडों और पशुओं पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से जन-धन की हानि न हो।
फिलहाल घायल सांड की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। क्षेत्रवासियों ने नगर प्रशासन से तत्काल पशु चिकित्सक की व्यवस्था करने और आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की अपील की है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती आवारा पशु समस्या और उससे उत्पन्न खतरे की ओर ध्यान खींचा है।

