जमशेदपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी: रिटायर्ड टाटा स्टीलकर्मी ने पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की धारदार हथियार से की हत्या
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। टाटा स्टील के एक रिटायर्ड कर्मचारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर संख्या एल5-13 में हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

मृतकों की पहचान सरिता सिंह (55), सुप्रिया सिंह (31) और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुप्रिया शादीशुदा थी और करीब तीन महीने की गर्भवती थी, जिससे यह घटना और भी हृदयविदारक बन गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार तड़के करीब 4 बजे की है। बताया जा रहा है कि आरोपी रविंद्र सिंह ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था और आरोपी मौके पर ही मौजूद मिला। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रविवार रात तक परिवार में सबकुछ सामान्य था। रिश्तेदारों ने बताया कि देर रात तक परिवार के सदस्यों से बातचीत हुई थी और किसी विवाद की कोई जानकारी नहीं थी। ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी रविंद्र सिंह हाल ही में टाटा स्टील से रिटायर हुए थे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

