गोलमुरी पुलिस केंद्र में नवनिर्मित पुलिस परिवार बाल उद्यान का उद्घाटन, वृक्षारोपण भी किया गया
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर। शुक्रवार को पुलिस केंद्र, गोलमुरी में वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा नवनिर्मित पुलिस परिवार बाल उद्यान का उद्घाटन किया गया। पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के परिवारों के लिए विकसित इस उद्यान का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराना तथा परिवारों के लिए सुरक्षित और सुखद वातावरण सुनिश्चित करना है।
उद्घाटन के अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए इस प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। बाल उद्यान बच्चों के सर्वांगीण विकास और परिवारों के बीच सकारात्मक माहौल को बढ़ावा देगा।
इस अवसर पर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में कई पुलिस पदाधिकारी, जवान और उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। इस पहल को पुलिस परिवारों के कल्याण और बेहतर सामाजिक वातावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

