जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान भूमि अधिग्रहण मुआवजा, फीस माफी, मारपीट एवं धमकी, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान आवंटन, सड़क मरम्मत, दिव्यांगजनों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने, जमीन विवाद, अवैध दखल, मंईयां सम्मान योजना का लाभ, पेयजल समस्या समेत विभिन्न जनहित से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने विभागवार मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का प्रभावी मंच है, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभागों को शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।

