राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर में ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में जांच के दौरान 42 बुलेट मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया।

जांच में पाया गया कि इन बाइकों में नियमों के विरुद्ध तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे हुए थे। ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर ही सभी बाइकों के मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त कर लिए और वाहन चालकों पर जुर्माना लगाते हुए उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया।
ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि तेज आवाज वाले साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और आम लोगों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि शहर में ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।

